• Tue. Jul 7th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दिनांक 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलने वाले दस्तक अभियान के संबंध में बैठक आयोजित हुई

ByMoradabadprahari

Jul 7, 2026

जिलाधिकारी डा. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में दिनांक 01 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक चल रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दिनांक 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलने वाले दस्तक अभियान के संबंध में बैठक आयोजित हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों से संबंधित सम्पूर्ण जानकारी आशा एवं आंगनवाडी को उपलब्ध हो और उन्हें संचारी रोगों से बचाव/जागरूकता संबंधी मैटेरियल भी उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने कहा कि संक्रामक रोगों से कैसे बचाव हो इसकी भी जानकारी उनके पास उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि निचले स्तर पर छोटी-छोटी बातों को प्रैक्टिकली समझाना जरूरी है, जैसे पानी की टंकी पूरी तरह से ढकी हो, खिड़कियों पर मच्छरदानी लगी हो, मच्छरदानी का नियमित उपयोग हो। आशा व एएनएम दूसरों को जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही स्वयं भी पालन करें। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कहा कि संचारी एवं दस्तक रोगों से बचाव को लेकर प्रतिदिन शपथ दिलायी जाये। जहां भी एंटी लार्वा का छिड़काव करें वहां अनाउंसमेंट भी कराया जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि माइक्रो प्लान की दो दिन पहले संबंधित को सूचना अवश्य मिल जाये।

विकास खण्ड कांठ एवं ठाकुरद्वारा की खराब प्रगति होने पर जिलाधिकारी ने सुधार लाने के निर्देश दिए। एएनएम एवं आशा ओरियन्टेशन कार्य में भोजपुर एवं ठाकुरद्वारा ब्लाक की प्रगति कम होने पर भी सुधार लाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 कुलदीप सिंह, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 संजीव बेलवाल, परियोजना निदेशक, डीपीओ, एमओआईसी, अधिशासी अधिकारी, सीडीपीओ सहित शिक्षा, जिला पंचायती राज, पशुपालन, नगर विकास, कृषि, बाल विकास परियोजना आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *