• Tue. Jul 7th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

संपूर्ण समाधान दिवस में 60 शिकायतें प्राप्त, 08 का मौके पर निस्तारण; शेष के गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश

ByMoradabadprahari

Jul 7, 2026

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, डूडा, राशन, विद्युत, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. सतपाल अंतिल की अध्यक्षता में तहसील सदर सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित जनशिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, डूडा, राशन, विद्युत, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर सहित समस्त राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए जल निकासी की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव वाले स्थानों के आसपास लोगों को जाने से रोकने एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि संबंधी विवादों का समय रहते समाधान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार के जमीनी विवाद की सूचना प्राप्त होने पर राजस्व टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करे तथा दोनों पक्षों की सुनवाई करते हुए निष्पक्ष एवं विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करे।जनसुनवाई के दौरान प्राप्त तीन भूमि संबंधी प्रकरणों में जिलाधिकारी ने मौके पर जाकर पैमाइश कराकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *