मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) एवं फायर स्टेशन अधिकारी (FSO) के कुशल नेतृत्व और दिशा-निर्देशन में दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत करते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया है

मुरादाबाद। 24वीं वाहिनी पीएसी परिसर स्थित कैंटीन में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, आज दोपहर लगभग 14:18 बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि 24वीं वाहिनी पीएसी, मुरादाबाद की कैंटीन में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर सर्विस द्वारा तत्काल दो फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि कैंटीन में आग तेजी से फैल रही थी। फायर कर्मियों ने मिनी फायर इंजन (MFE) से डिलीवरी होज़ पाइप लाइन बिछाकर पंपिंग के माध्यम से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) एवं फायर स्टेशन अधिकारी (FSO) के कुशल नेतृत्व और दिशा-निर्देशन में दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत करते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण गैस सिलेंडर फटना बताया जा रहा है। आग की घटना में कैंटीन के सामान को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय रहते दमकल टीम के पहुंचने से आग को अन्य भवनों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
