
बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र के सरायरफी इलाके में शनिवार को मकान कब्जे के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और अन्य हथियार चलने लगे।जिसमें दो महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी स्याऊ में भर्ती कराया गया।जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार, ग्राम ऊमरी पीर निवासी डॉ. हारून पुत्र इब्राहीम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ लोग मकान पर कब्जा करने की नीयत से हथियारों और लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपितों ने घर में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिससे पांच लोग घायल हो गए।पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही नकदी और आभूषण ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए पहले थाने तथा बाद में सीएचसी स्याऊ भिजवाया। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. सतेंद्र ने बताया कि दो महिलाओं समेत पांच घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।क्षेत्राधिकारी चांदपुर देश दीपक सिंह ने बताया कि मकान कब्जे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
