• Wed. Jun 17th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

पुलिस भर्ती परीक्षा के बीच भीषण गर्मी में ट्रैफिक पुलिस की कड़ी ड्यूटी

ByMoradabadprahari

Jun 9, 2026

मुरादाबाद। जनपद में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की भारी भीड़ और बढ़ते यातायात दबाव के बीच ट्रैफिक पुलिस के जवान भीषण गर्मी में पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए। चिलचिलाती धूप और ऊंचे तापमान के बावजूद पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों, परीक्षा केंद्रों और व्यस्त मार्गों पर लगातार डटे रहे, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही।परीक्षा के मद्देनजर शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की आवाजाही सुबह से ही शुरू हो गई थी। ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक एवं स्थानीय पुलिस द्वारा विशेष इंतजाम किए गए। रोडवेज बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, इंपीरियल तिराहा सहित प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जिसने वाहनों का संचालन सुचारु रूप से कराया और अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में सहायता प्रदान की।तेज धूप के बीच पुलिसकर्मी घंटों तक सड़क पर खड़े रहकर यातायात नियंत्रित करते रहे। साथ ही राहगीरों और अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर उन्हें किसी प्रकार की असुविधा से बचाने का प्रयास किया। पुलिस की सक्रियता के चलते परीक्षा अवधि के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था काफी हद तक सामान्य बनी रही।स्थानीय नागरिकों ने भी ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जहां लोग गर्मी से बचने के लिए घरों और छांव का सहारा ले रहे हैं, वहीं पुलिसकर्मी जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए तपती सड़कों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। भीषण गर्मी में उनकी कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *