
मुरादाबाद कांठ। माह के पहले शनिवार को आयोजित किए गए कांठ तहसील के तहसील समाधान दिवस में डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में किसानों की समस्याओं, मांगों और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और किसानों ने तहसील में धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। एसडीएम कार्यालय के सामने धरने के दौरान किसानों ने डीएम को ज्ञापन देकर समस्याओं का निस्तारण कराकर मांगों को पूरा कराने की मांग की।शनिवार को भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी महेंद्र सिंह रंधावा के नेतृत्व में भारी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान एकत्र होकर कांठ तहसील पहुंचें। वहीं एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। एसडीएम संत दास पंवार और सीओ शुभम पटेल ने किसानों को काफी समझाने का प्रयास किया,लेकिन वह धरने से नहीं हटे। इस दौरान बिजली, नहरों में पानी, खाद आदि की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान भाकियू अराजनैतिक का एक प्रतिनिधि मंडल धरने से उठकर तहसील सभागार में डीएम और एसएसपी से भी मिला। बाद में धरना स्थल पर ही भाकियू अराजनैतिक पदाधिकारियों ने डीएम को एक ज्ञापन दिया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी महेंद्र सिंह रंधावा, जिलाध्यक्ष चौधरी सतीश कुमार काजला, ऋषिपाल सिंह, रतेंद्र चौधरी, वीरेंद्र सिंह, खलेंद्र सिंह, अंकुर सिंह, समरपाल सिंह ढाका, अशोक चौधरी, सोनू चौधरी, आदि भारी संख्या में पदाधिकारी,महिला कार्यकर्ता व किसान मौजूद रहे।
