• Sun. Jun 7th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

शनिवार को कांठ तहसील समाधान दिवस में डीएम और एसएसपी ने क्षेत्र के लोगों की विभिन्न समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया

ByMoradabadprahari

Jun 7, 2026

मुरादाबाद, कांठ , माह के पहले शनिवार को कांठ तहसील में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को कांठ तहसील परिसर में तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर जिलाधिकारी मुरादाबाद राजेंद्र पैंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल स्वयं मौके पर पहुंचे और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। कांठ तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 58 शिकायते प्राप्त हुईं। जिनमें से कुल 6 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।इस अवसर पर उनके साथ पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।जिससे लोगों को अपनी शिकायतें सीधे उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। मुरादाबाद जिलाधिकारी राजेंद्र पैसिया ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन सुनवाई केवल औपचारिकता न बनकर लोगों को राहत देने का माध्यम होनी चाहिए। उन्होंने निम्न स्तर के अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तहसील समाधान दिवस में भूमि विवाद, चकरोड विवाद,जमीन पर कब्जे से संबंधित मामले, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना और बिजली-पानी की समस्याएं, आयुष्मान कार्ड आदि की समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। कई मामलों में मौके पर ही निस्तारण किया गया। जबकि शेष अन्य जटिल मामलों को तय समय सीमा के भीतर निपटाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को विशेष रूप से भूमि संबंधी मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए। एसएसपी सतपाल अंतिल ने पुलिस से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ताकि जनता का भरोसा बना रहे। जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया लगभग दो घंटे तक कांठ तहसील परिसर में रहे और पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते रहे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से संवाद कर लंबित मामलों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।कांठ तहसील समाधान दिवस में कई वकील भी अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। डीएम अनुज कुमार सिंह ने उनकी समस्याओं को हल करवाने का पूर्ण आश्वासन दिया।समाधान दिवस में सीएमओ डॉ कुलदीप सिंह,सीओ कांठ शुभम पटेल,उप जिलाधिकारी कांठ संतदास पंवार,तहसीलदार कांठ राजकुमार सिंह,वीडीओ छजलैट,नगर पंचायत कांठ के ईओ रामेश्वर दयाल, सीएचसी अधीक्षक कांठ राजीव चौधरी,खंड शिक्षा अधिकारी छजलैट शिवम् गुप्ता,नायब तहसीलदार कांठ और नायब तहसीलदार छजलैट,कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह,वन दरोगा पुष्पेन्द्र सिंह, एसडीओ विद्युत कांठ,गन्ना विकास समिति कांठ के सचिव खेत सिंह, उद्यान निरीक्षक सचिन चौहान सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी गण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *