
मुरादाबाद। थाना मझोला क्षेत्र की मानसरोवर कॉलोनी में संचालित एक होटल के खिलाफ क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आवासीय क्षेत्र में संचालित मानसरोवर पैराडाइज होटल निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।शिकायतकर्ताओं का कहना है कि होटल में रेस्टोरेंट और बार का संचालन भी किया जा रहा है तथा इसके तीन प्रवेश द्वार हैं। एक ही समय में कई वैवाहिक समारोह आयोजित होने के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति बन जाती है। देर रात तक डीजे और तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन से आसपास के लोगों की नींद प्रभावित होती है और क्षेत्र का वातावरण अशांत बना रहता है।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि होटल में देर रात तक बार संचालित होने के कारण शराब के सेवन के बाद कई बार सड़क पर विवाद और मारपीट जैसी घटनाएं होती हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने होटल में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी चिंता जताई है।क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए होटल के मानकों, लाइसेंस, पार्किंग व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण एवं अन्य नियमों की जांच कराने तथा नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है। यदि जांच में अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित होटल प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
