
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने एसएसपी सतपाल अंतिल के साथ विकास खंड मूढ़ापांडे क्षेत्र में रामगंगा नदी के तट पर स्थित भीकनपुर, घोसीपुरा एवं वीरपुर-बरियारपुर गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर संभावित बाढ़ की स्थिति एवं बाढ़ निरोधक तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय तथा स्थानीय लेखपाल से विगत वर्षों में आई बाढ़ के दौरान जलस्तर, प्रभावित क्षेत्रों तथा हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से बचाव हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं ताकि जनहानि एवं संपत्ति की क्षति को रोका जा सके।
भीकनपुर क्षेत्र में रामगंगा नदी द्वारा पूर्व वर्षों में हुए व्यापक कटान से आसपास के गांवों में उत्पन्न समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यथाशीघ्र प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उस पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके का गंभीरतापूर्वक निरीक्षण कर समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार करे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने से पूर्व सभी बाढ़ निरोधक कार्य प्रत्येक दशा में पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि सिंचाई विभाग द्वारा लगभग 1.54 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ निरोधक कार्य कराए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य 15 जून तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करा लिए जाएं।
वीरपुर-बरियारपुर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध का भी निरीक्षण किया। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा नदी तट पर पत्थर की पिचिंग क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दिए जाने पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को तत्काल प्रभाव से पिचिंग कार्य दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि संभावित बाढ़ के दौरान तटबंध सुरक्षित रह सके।
निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय और जॉइंट मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

