
मुरादाबाद। शासन की मंशा और जिलाधिकारी व एसएसपी के आदेशानुसार, सोमवार को शहर के प्रमुख सिनेमाघरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखने के लिए एक विशेष आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) मुरादाबाद और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी (FSSO) मोहित कुमार के नेतृत्व में फायर टीम ने PVR सिनेमा और मूवी टाइम मिगलानी सिनेमा में सघन जांच पड़ताल की।

सुरक्षा उपकरणों का हुआ लाइव डेमो
जांच के दौरान टीम ने सिनेमाघरों में स्थापित फायर हाइड्रेंट, फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र), होज रील, स्प्रिंकलर सिस्टम और स्मोक डिटेक्टरों की कार्यक्षमता को बारीकी से परखा। टीम ने न केवल उपकरणों को देखा, बल्कि सिनेमा स्टाफ से उनका संचालन (Operation) भी कराकर देखा। आपातकालीन स्थिति में दर्शकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए आपातकालीन निकास मार्गों (Exit Gates) की भी गहनता से जांच की गई।
साप्ताहिक ड्रिल और रिपोर्टिंग के कड़े निर्देश
सीएफओ ने सिनेमा प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने स्टाफ के साथ अनिवार्य रूप से साप्ताहिक फायर ड्रिल का आयोजन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना के समय कर्मचारी त्वरित कार्रवाई कर सकें। साथ ही, इन गतिविधियों का विधिवत रिकॉर्ड (अभिलेखीयकरण) रखने और हर महीने उसकी रिपोर्ट फायर ऑफिस में चेक कराने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
