
मुरादाबाद। जनपद के मैनाठेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लालपुर हमीर स्थित ‘आर्ट ऑफ ब्रास’ फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
शुक्रवार सुबह करीब 09:35 बजे मैनाठेर चौकी द्वारा हैलेट रोड स्थित फायर स्टेशन को सूचना दी गई कि लालपुर हमीर स्थित एक पीतल फैक्ट्री (आर्ट ऑफ ब्रास) में आग लग गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की टीम महज एक मिनट के भीतर 09:36 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।रेस्क्यू ऑपरेशनमुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉक्टर आर के पांडे (CFO) के नेतृत्व में फायर सर्विस की 04 वाटर टेंडर (दमकल गाड़ियां) मौके पर पहुंचीं। टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए दो होज़ रील लाइनों की मदद से घेराबंदी कर आग बुझाना शुरू किया। दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से बुझाकर शांत किया गया।
राहत कार्य के दौरान घटनास्थल पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुरादाबाद, क्षेत्राधिकारी बिलारी, अग्निशमन अधिकारी और थाना प्रभारी मैनाठेर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।अग्निशमन विभाग के अनुसार, समय रहते सूचना मिलने और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों और उससे हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
