• Fri. May 8th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

राजकीय महाविद्यालय कांठ के प्रथम वार्षिकोत्सव एवं अलंकरण समारोह का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया

ByMoradabadprahari

May 7, 2026

राजकीय महाविद्यालय मथाना के प्रथम वार्षिकोत्सव एवं अलंकरण समारोह का आज दोपहर भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। समारोह में महाविद्यालय के छात्र, छात्राओं,प्राध्यापकों तथा कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। पूरे परिसर में उल्लास,सांस्कृतिक रंगों एवं शैक्षिक उपलब्धियों का वातावरण देखने को मिला।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. नज़ाकत हुसैन तथा समस्त प्राध्यापकों को बैज अलंकृत कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं गरिमामय वातावरण प्रदान किया।समारोह का संचालन डॉ. नौमी प्रिया, डॉ. कामरान आलम खान, डॉ. मुदित सिंघल एवं डॉ. संदीप कुमार गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रविन्द्र कुमार सरोनिया ने महाविद्यालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत करते हुए वर्ष भर की शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद संबंधी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का आकर्षक प्रदर्शन किया। प्रज्ञा एवं त्रिक्षा द्वारा प्रस्तुत युगल नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्वाती ने “आए ओ रे शुभ दिन आए ओ रे” गीत की मनोहारी प्रस्तुति दी, वहीं पायल ने “मैंने पायल है छनकाई” गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। प्रज्ञा एवं स्वाती द्वारा “राधा कैसे न जले” गीत पर प्रस्तुत नृत्य ने खूब तालियाँ बटोरीं। मनीषा ने सरस्वती वंदना तथा “बहुत प्यार करते हैं तिरंगे से हम” गीत को अत्यंत मधुर स्वर में प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। छात्र-छात्राओं की इन रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह की शोभा में चार चाँद लगा दिए।इसके उपरांत वार्षिक क्रीड़ा समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। छात्र वर्ग में असद, हर्ष, विकुल, समीर खान एवं विवेक कुमार को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया। जबकि छात्रा वर्ग में आयुषी, हिमांशी, काजल, पायल, उमंग एवं त्रिक्षा को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त पूरे सत्र में आयोजित विभिन्न शैक्षिक,सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।इस अवसर पर प्राध्यापक डॉ. नरेन्द्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित वरिष्ठ पत्रकार श्री नरेन्द्र सिंह ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने महाविद्यालय की निरंतर प्रगति, यहाँ आयोजित होने वाली रचनात्मक गतिविधियों तथा शैक्षिक वातावरण की सराहना करते हुए महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. नज़ाकत हुसैन ने महाविद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा,सामने आई चुनौतियों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आगामी परीक्षाओं, नए प्रवेश सत्र तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास से संबंधित महत्वपूर्ण बातों पर भी प्रकाश डाला तथा छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं अनुशासन को अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में डॉ. संदीप कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कार्यालय अधीक्षक श्री राजकुमार,वरिष्ठ सहायक श्री आसिफ तथा अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *