• Tue. Apr 21st, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक संपन्न

ByMoradabadprahari

Apr 20, 2026

एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी को सड़कों को गंदगी मुक्त और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश

कम आयु के बच्चों के स्कूटी चलाने पर लगेगी रोक, विद्यालयों की तय होगी जिम्मेदारी।

मुरादाबाद,जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा एक से कक्षा 12 तक के विद्यालयों में अध्यनरत बच्चों द्वारा स्कूटी से विद्यालय जाने एवं ड्राइविंग लाइसेंस के बिना ही वाहन चलाने के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन न करने की वजह से संभावित दुर्घटनाओं के दृष्टिगत यह निर्देश दिए कि परिवहन विभाग के स्तर से विद्यालयों को यातायात नियमों का गंभीरतापूर्वक अनुपालन कराए जाने के संबंध में गाइडलाइन उपलब्ध करा दी जाए साथ ही यह भी सुनिश्चित कराया जाए कि विद्यालयों में स्कूटी से जाने वाले बच्चों द्वारा किसी भी प्रकार से यातायात नियमों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र के बच्चों द्वारा स्कूटी से विद्यालय जाने की परंपरा को प्रतिबंधित किया जाए और इसके लिए अभियान चलाकर विद्यालयों के प्रबंधकों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। यह सुरक्षा से जुड़ा मामला है इसलिए उन्होंने गंभीरता पूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।स्कूली बसों में सेफ्टी ऑडिट के संबंध में पूर्व में आयोजित बैठक के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति के बारे में उन्होंने एआरटीओ आनंद निर्मल से जानकारी प्राप्त की। एआरटीओ ने बताया कि 779 स्कूली वाहनों के सापेक्ष 669 का सेफ्टी ऑडिट पूर्ण कर लिया गया है, जिन स्कूली वाहनों में कमियां पाई गई हैं उनको लेकर स्कूल प्रबंधन को भी सुधार के लिए निर्देशित कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि नवीनीकरण की प्रक्रिया आरटीओ कार्यालय से ही संपादित होती है इसलिए स्कूली वाहनों में कमियां मिलना इस बात का प्रमाण है कि नवीनीकरण की प्रक्रिया के दौरान मानकों का गंभीरता पूर्वक सत्यापन नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि नवीनीकरण के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सख्ती से लागू कराया जाए और नवीनीकरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए। पतंग उड़ाने के लिए चाइनीज मांझे का प्रयोग करके आम जन को संकट में डालने वाले लोगों के विरुद्ध जिलाधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाए। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत जनपद में बनी सड़कों के सेफ्टी ऑडिट के बारे में जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में आयोजित बैठक के दौरान निर्देश दिए गए थे इस संबंध में जिलाधिकारी ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि रंबल स्ट्रिप मानकों के अनुरूप अनिवार्य रूप से स्थापित कराए जाएं साथ ही चेतावनी संकेतक एवं थर्मोप्लास्ट पेंट भी अच्छी गुणवत्ता की लगी होनी चाहिए ताकि आमजन को आवागमन के दौरान सहूलियत रहे।नेशनल हाईवे पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट की मरम्मत और दुरुस्तीकरण को लेकर जिलाधिकारी ने पुलिस, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए। हनुमान मूर्ति चौराहे पर रिमॉडलिंग कार्य में बाधा बन रहे 33 केवी एवं 11 केवी के विद्युत पोलों एवं विद्युत केबल्स को शिफ्ट नहीं किए जाने के मामले में जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित बैठक के दौरान भी एक सप्ताह में विद्युत पोल और विद्युत केबल को शिफ्ट करने के बारे में अधिकारियों द्वारा आश्वस्त किया गया था। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल विद्युत पोल हटवाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि अगवानपुर पुल क्षतिग्रस्त है इस संबंध में उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी से कारणों के बारे में जानकारी ली साथ ही एमडीए के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुल पर स्थापित विद्युत पोल को सही करा दें ताकि पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।नेशनल हाईवे पर साइड पट्टी क्लियर करने और बारिश के दौरान जल भराव की समस्या का अनिवार्य रूप से समाधान कराने के लिए जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे के मेंटेनेंस से संबंधित नोडल एजेंसी को निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को भी विभाग से निर्मित सड़कों को भी गंदगी मुक्त बनाने के बारे में निर्देशित किया। संभल मार्ग पर राहगीरों की सुविधा के लिहाज से जिलाधिकारी ने कहा कि इस मार्ग पर भी प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के संबंध में प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि दृश्यता बनी रहे और लोग सुरक्षित आवागमन कर सकें।इस अवसर पर एडीएम सिटी सुश्री ज्योति सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार सहित अन्य संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *