• Sun. Apr 19th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

आज कांठ तहसील समाधान दिवस में डीएम और एसएसपी ने क्षेत्र के लोगों की विभिन्न समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया।

ByMoradabadprahari

Apr 18, 2026

मुरादाबाद, तहसील दिवस समारोह में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को कांठ तहसील परिसर में समाधान दिवस का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर जिलाधिकारी मुरादाबाद अनुज कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल स्वयं मौके पर पहुंचे और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।उनके साथ पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिससे लोगों को अपनी शिकायतें सीधे उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। मुरादाबाद जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन सुनवाई केवल औपचारिकता न बनकर लोगों को राहत देने का माध्यम होनी चाहिए। उन्होंने निम्न स्तर के अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तहसील समाधान दिवस में भूमि विवाद, कब्जे से संबंधित मामले, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना और बिजली-पानी की समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। कई मामलों में मौके पर ही निस्तारण किया गया। जबकि जटिल मामलों को तय समय सीमा के भीतर निपटाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को विशेष रूप से भूमि संबंधी मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए। एसएसपी सतपाल अंतिल ने पुलिस से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता का भरोसा बना रहे। जिलाधिकारी लगभग दो घंटे तक कांठ तहसील परिसर में रहे और पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते रहे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से संवाद कर लंबित मामलों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।कांठ तहसील समाधान दिवस में कई वकील भी अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। डीएम अनुज कुमार सिंह ने उनकी समस्याओं को हल करवाने का पूर्ण आश्वासन दिया।समाधान दिवस में सीओ कांठ शुभम पटेल,उप जिलाधिकारी कांठ संतदास पंवार,तहसीलदार कांठ राजकुमार सिंह, वीडीओ छजलैट आदित्य श्रीवास्तव, ईओ कांठ रामेश्वर दयाल, खंड शिक्षा अधिकारी छजलैट शिवम् गुप्ता,नायब तहसीलदार कांठ और नायब तहसीलदार छजलैट,कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह,वन दरोगा पुष्पेन्द्र सिंह,एसडीओ विद्युत कांठ आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *