
मुरादाबाद। शहर में आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षा जागरूकता के उद्देश्य से दमकल विभाग द्वारा पेट्रोल पंपों पर विशेष प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज स्थानीय पेट्रोल पंप पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में एक ‘फायर सेफ्टी ड्रिल` (मॉक ड्रिल) का सफल आयोजन किया गया।
आपात स्थिति से निपटने का जीवंत प्रदर्शन
ट्रायल के दौरान दमकल विभाग की टीम ने पेट्रोल पंप कर्मियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेने का प्रशिक्षण दिया। विभाग ने प्रदर्शित किया कि कैसे पेट्रोल या डीजल जैसी ज्वलनशील वस्तुओं में लगी आग को CO2 और Dry Powder अग्निशमन यंत्रों के जरिए सेकंडों में काबू किया जा सकता है।
ज्ञान प्रकाश और टीम की मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र के दौरान ज्ञान प्रकाश सहित विभाग के कई वरिष्ठ कर्मचारी और पंप स्टाफ मौके पर मौजूद रहे। ज्ञान प्रकाश ने उपस्थित कर्मियों को बताया कि पेट्रोल पंप एक संवेदनशील क्षेत्र है, जहाँ छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। उन्होंने उपकरणों के सही रखरखाव और समय-समय पर उनकी जांच करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
