• Sat. Jun 27th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

मुरादाबाद में अवैध अस्पतालों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: मजिस्ट्रेटों और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त छापेमारी में कई हॉस्पिटल सील, 3 को भेजा जेल

ByMoradabadprahari

Feb 11, 2026

मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुज सिंह के निर्देशन में जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर खिलवाड़ करने वाले अवैध अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत व्यापक अभियान चलाया गया। बुधवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर अवैध चिकित्सा जगत में हड़कंप मचा दिया।

मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में हुई बड़ी कार्रवाई

अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस बार स्वयं प्रशासनिक अधिकारियों ने कमान संभाली। टीम में अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम अभय सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय प्रिंस, डिप्टी कलेक्टर माधव उपाध्याय, स्निग्धा चतुर्वेदी अपर उप जिलाधिकारी एवं अमित कुमार उप जिला अधिकारी कांठ शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजीव बेलवाल, डॉ. विकास एवं डॉ. राजीव कुमार शर्मा ने तकनीकी जांच की। मानक विहीन संचालन और पंजीकरण के अभाव में टीम ने निम्नलिखित अस्पतालों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया: 1-अंसार पाइल्स क्लिनिक 2-चांद हॉस्पिटल 3-आशियाना हॉस्पिटल 4- आरिफ मेमोरियल हॉस्पिटल इसके साथ ही दर्जन भर अन्य छोटे क्लीनिकों और अवैध प्रतिष्ठानों पर भी कानूनी शिकंजा कसा गया है।छापेमारी के दौरान मौके पर गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। टीम के पहुँचते ही कई झोलाछाप और अवैध अस्पताल संचालक अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिरकर मौके से फरार हो गए।जिलाधिकारी की सख्त चेतावनी

जिलाधिकारी अनुज सिंह ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि “जनता के जीवन के साथ समझौता करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी अस्पताल बिना पंजीकरण या निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाए जाएंगे, उन्हें न केवल सील किया जाएगा बल्कि उनके संचालकों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *