
MORADABAD,उप श्रमायुक्त श्री दीप्तिमान भट्ट ने बताया कि उ.प्र. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड लखनऊ के अन्तर्गत श्रम विभाग मुरादाबाद में निर्माण कार्य में संलग्न जिन निर्माण श्रमिकों द्वारा अपना पंजीकरण कराया गया है उन पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हितार्थ विभिन्न योजनायें संचालित हैं। इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को सर्वप्रथम अपना पंजीयन कार्ड का नवीनीकरण अपने नजदीकी जनसेवा केन्द्र (सीएससी) के माध्यम से कराना होगा।
इसके अतिरिक्त श्रम विभाग द्वारा समय-समय पर तहसील दिवस, लेबर अड्डो एवं अन्य स्थानों पर कैम्प लगाकर पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को उनके श्रमिक पंजीयन कार्ड का नवीनीकरण करायें जाने हेतु जागरूक किया जाता है। श्रमिक कार्ड का नवीनीकरण न होने के कारण श्रमिक बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहें हैं।
उप श्रमायुक्त ने जनपद के समस्त पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वह बोर्ड द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हितार्थ संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का हितलाभ प्राप्त करने हेतु अपने श्रमिक पंजीयन कार्ड का नवीनीकरण दिनांक 31 दिसम्बर 2025 तक करा लें। ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिक जिन्होंने अपने श्रमिक पंजीयन कार्ड का नवीनीकरण विगत 04 वर्षो से नही कराया गया है वह दिनांक 31 दिसम्बर 2025 तक अनिवार्य रूप से अवश्य करा लें, अन्यथा उनका श्रमिक पंजीयन कार्ड बोर्ड के पोर्टल पर निष्क्रिय कर दिया जायेगा।
