मुरादाबाद
छजलैट थाना क्षेत्र के ग्राम कनपुर की मंडियों में अपने शावकों संग तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जंगल में कांबिंग करते हुए ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के लिए कहा है। वहीं वन विभाग को जंगल में कांबिंग करते हुए तेंदुए के पंजों के निशा मिले हैं

कांठ तहसील क्षेत्र के ग्राम कनपुर की मंडियों के कुछ किसानों ने सोमवार की शाम गांव के पास ही गन्ने के खेत में एक तेंदुए को अपने शावकों संग देखा था तुरंत ही उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। जिस पर मंगलवार की सुबह वन विभाग के डिप्टी रेंजर पुष्पेन्द्र सिंह, वन दरोगा राजेन्द्र सिंह, अमरजीत सिंह अपनी टीम को साथ लेकर ग्राम कनपुर की मंडियों में पहुंचे। उन्होंने टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया। टीम ने जंगल में कांबिंग करते हुए तेंदुए की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन तेंदुए का कहीं भी कोई लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी है। टीम ने गांव के लोगों से खेतों में अकेले नहीं जाने, समूह में रहने और छोटे बच्चों को शाम के समय घर से बाहर अकेले ना निकलने के लिए और तेंदुए के दिखाई देने पर तुरंत ही सूचना देने के लिए कहा है। डिप्टी वन रेंजर पुष्पेन्द्र सिंह ने बताया कि ग्राम केनपुर में पिंजरा के लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी गई है। जैसे ही अनुमति मिलती है तो तुरंत ही गांव में पिंजरा लगवा दिया जाएगा।
