• Thu. Nov 26th, 2026

RTI में बड़ा खुलासा: वाहनों पर ‘न्यायाधीश’, ‘उत्तर प्रदेश शासन’ और अशोक स्तंभ लगाने का कोई नियम नहीं

ByMoradabadprahari

Nov 26, 2026
'न्यायाधीश',

आगरा: सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम-2005 के तहत मांगी गई एक जानकारी में बड़ा खुलासा हुआ है। संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO), आगरा ने स्पष्ट किया है कि न्यायिक अधिकारियों और सरकारी कर्मचारियों द्वारा अपने निजी वाहनों पर बड़े अक्षरों में ‘न्यायाधीश’, ‘उत्तर प्रदेश शासन’ लिखने या राष्ट्रीय चिन्ह (अशोक स्तंभ) लगाने के संबंध में कोई भी नियम मौजूद नहीं है। आगरा के दयालबाग निवासी विनायक वशिष्ठ ने 14 मई 2026 को ऑनलाइन जनसूचना (संख्या: CTRNS/R/2026/60794) के माध्यम से RTO आगरा से यह जानकारी मांगी थी कि किस अधिनियम या नियम के तहत न्यायिक मजिस्ट्रेट और अपर जिला जज अपने वाहनों के आगे व पीछे के शीशों पर राष्ट्रीय चिन्ह अशोक स्तंभ और ‘न्यायाधीश’ लिखते हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी पूछा था कि सरकारी कर्मचारी व अधिकारी किस नियम के तहत अपने वाहनों पर ‘उत्तर प्रदेश शासन’ लिखवाते हैं।

परिवहन विभाग का दो-टूक जवाब
इस आरटीआई के जवाब में 21 मई 2026 को कार्यालय सम्भागीय परिवहन अधिकारी (आगरा सम्भाग) के जनसूचना अधिकारी एवं सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) ने लिखित रूप से अवगत कराया कि “इस तरह का कोई नियम नहीं है”।
नियमों की अनदेखी पर उठे सवाल इस खुलासे के बाद वाहनों पर पदनाम और राष्ट्रीय चिन्हों के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

  • प्रोटोकॉल का उल्लंघन: नियमों के जानकारों के अनुसार, राष्ट्रीय चिन्ह (अशोक स्तंभ) के प्रयोग का अधिकार केवल संवैधानिक पदों पर आसीन विशिष्ट व्यक्तियों (जैसे राष्ट्रपति, राज्यपाल आदि) के आधिकारिक वाहनों तक ही सीमित है। किसी भी न्यायिक अधिकारी या प्रशासनिक कर्मचारी को अपने निजी वाहन पर अशोक स्तंभ या पदनाम लिखवाने की अनुमति नहीं है।
  • मजिस्ट्रेट भी लिख रहे ‘न्यायाधीश’: गौर करने वाली बात यह भी है कि कई जिलों में निचली अदालतों के न्यायिक मजिस्ट्रेट भी नियमों को ताक पर रखकर अपने निजी वाहनों पर बड़े अक्षरों में ‘न्यायाधीश’ लिखवाकर चल रहे हैं।
    आरटीआई से मिले इस आधिकारिक जवाब ने स्पष्ट कर दिया है कि सड़कों पर रौब जमाने के लिए वाहनों पर ‘न्यायाधीश’, ‘उत्तर प्रदेश शासन’ या राष्ट्रीय चिन्ह का इस्तेमाल करना पूरी तरह से नियम विरुद्ध है। अब देखना यह होगा कि परिवहन और पुलिस प्रशासन इस खुलासे के बाद ऐसे वाहनों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।

संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई शपथhttps://moradabadprahari.com/?p=5086

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *