
मुरादाबाद (संवाददाता):संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा और जीवंत लिखित संविधान है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, न्याय और स्वतंत्रता प्रदान करता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया। डीएम ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि हमें अपने मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। आम जनमानस की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना ही सच्ची संविधान सेवा है।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों के प्रभारी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संविधान के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लिया।
