
मुरादाबाद, जिले में ई-रिक्शा के बेहतर प्रबंधन एवं संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योग एवं उद्यमियों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विभागीय अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए ई-रिक्शा प्रबंधन से संबंधित प्रकरण पर विशेष रूप से जानकारी ली। गत बैठक में जिलाधिकारी ने ऐसे व्यक्तियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे, जिनके नाम पर 05 या उससे अधिक ई-रिक्शा पंजीकृत हैं।इस संबंध में विभागीय स्तर से प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार जनपद में 280 ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है, जिनके नाम पर 05 या उससे अधिक ई-रिक्शा पंजीकृत हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन सभी चिन्हित व्यक्तियों के साथ अगले सप्ताह बैठक आयोजित कर ई-रिक्शा के बेहतर प्रबंधन, संचालन तथा संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की जाए।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योग एवं व्यापार से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, उपायुक्त उद्योग दीपेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी बंधु उपस्थित रहे।
