
| लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर स्वीकृति एवं वितरण में तेजी लाएं बैंक – जिलाधिकारी |
मुरादाबाद, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM YUVA) योजना की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में योजना के अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक एवं बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त उद्योग द्वारा 02 सितंबर 2026 तक प्राप्त ऋण आवेदनों तथा संबंधित बैंक शाखाओं में स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। इस पर जिलाधिकारी ने दोनों बैंकों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिन बैंक शाखाओं में प्रकरण लंबित हैं, वहां पात्रता के अनुरूप शत-प्रतिशत ऋण स्वीकृति तथा अधिकतम ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले के अधिकतम लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रदेश सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्राथमिकता वाली योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
इसलिए योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्राप्त ऋण आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। यदि किसी आवेदन को निरस्त किया जाता है तो उसका स्पष्ट एवं उचित कारण दर्ज करते हुए आवेदक को भी अवगत कराया जाए, ताकि आवेदकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को योजना की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।बैठक में उपायुक्त उद्योग श्री दीपेंद्र कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग भूपेन्द्र सिंह, सीएमएम युवा फेलो मधुर गुप्ता, हर्ष सैनी सहित पंजाब नेशनल बैंक एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक, जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
