• Sun. Aug 30th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

राखी बांधने मायके आ रही महिला की सड़क हादसे में मौत,परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप।

ByMoradabadprahari

Aug 29, 2026

मुरादाबाद। रक्षा बंधन का त्योहार एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। बिजनौर से अपने मायके मुरादाबाद भाइयों की कलाई पर राखी बांधने आ रही पूनम त्यागी की सड़क हादसे में मौत हो गई।

हादसे के बाद मृतका के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के मुताबिक पूनम त्यागी अपने पति के साथ बाइक से अपने मायके आ रही थीं। बताया जा रहा है कि डींगरपुर चौराहे के पास एक वाहन ने ओवरटेक करते समय उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में पूनम गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई।परिजनों के मुताबिक हादसा पुलिस चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर हुआ। मृतका के भाइयों का आरोप है कि घटनास्थल के पास पुलिसकर्मी मौजूद थे, इसके बावजूद हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं की गई।

मृतका के भाई रिंकू त्यागी का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, लेकिन जिम्मेदार वाहन की पहचान और चालक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर तत्काल कदम नहीं उठाए गए। परिजनों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराने की मांग भी की है।परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस से हादसे में शामिल वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज तत्काल देखने की मांग की, लेकिन पुलिस की ओर से पहले जाम खुलवाने की बात कही गई।इस घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस बहन के आने का दोनों भाई बेसब्री से इंतजार कर रहे थे

, उसी बहन की मौत की खबर ने रक्षा बंधन की खुशियों को मातम में बदल दिया।हर साल जिस बहन के हाथों से भाइयों की कलाई पर राखी बंधती थी, इस बार उन्हीं भाइयों को अपनी बहन की अर्थी को कंधा देना पड़ेगा।परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने, हादसे की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *