
धामपुर, बिजनौर। धामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जैतरा की आशीर्वाद कॉलोनी में तीन गुलदार एक साथ दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रेलवे लाइन के पास स्थित तालाब किनारे रात के समय घूमते हुए तीन गुलदारों का वीडियो सामने आने के बाद बस्ती के लोगों में भारी दहशत है।स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से तीन गुलदार बस्ती के आसपास मंडरा रहे हैं।
बीती रात करीब 11 बजे कुछ लोगों ने अपने घरों की छत और कमरों से तीन गुलदारों को एक साथ तालाब किनारे घूमते देखा और उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।बताया जा रहा है कि गुलदारों की मौजूदगी से कॉलोनी के लोग, खासकर बच्चे और बुजुर्ग, घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। पालतू पशुओं पर हमले का भी खतरा बढ़ गया है।
लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार वन विभाग को सूचना दी, लेकिन टीम मौके पर नहीं पहुंची।इससे वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इलाके में पिंजरे लगाए जाएं और गुलदारों को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।फिलहाल लोगों ने एहतियात के तौर पर रात में अकेले बाहर न निकलने और बच्चों को घरों में ही रखने की अपील की है।
