• Sun. Aug 30th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

बिजनौर मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर:चार महीने से वेतन न मिलने पर धरना,सेवाएं प्रभावित।

ByMoradabadprahari

Aug 29, 2026

बिजनौर। बिजनौर जिले के महात्मा विदुर राजकीय स्वशासी मेडिकल कॉलेज में गुरुवार सुबह 8 बजे से आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। चार महीने से वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन किया, जिससे कई स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले चार महीने से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद उन्हें उनका बकाया वेतन नहीं मिला है।

जिसके कारण उन्हें गंभीर आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।इस हड़ताल के कारण मेडिकल कॉलेज की कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो गईं। अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, खासकर पर्चा बनाने में। पर्चा न बनने के कारण मरीज न तो डॉक्टर को दिखा पा रहे हैं और न ही दवाएं ले पा रहे हैं, जिससे अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।

कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने वेतन न मिलने की शिकायत मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या से भी की थी। प्राचार्या ने मंगलवार तक वेतन भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन गुरुवार सुबह तक भी कर्मचारियों को उनका वेतन नहीं मिला।आउटसोर्स कर्मचारी सत्यदेव शर्मा ने बताया कि वे चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी हैं और चार महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वेतन मांगने पर उन्हें नौकरी से हटाने और पुलिस कार्रवाई की धमकी दी जा रही है।

कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे अपने किए गए काम का वेतन मांग रहे हैं। खबर लिखे जाने तक अस्पताल परिसर में पिछले ढाई घंटे से प्रदर्शन जारी था। इस दौरान रीना, रिमझिम,निधि,प्रीति,अनीता, भोली,ज्योति,राखी,सपना, सत्यदेव शर्मा,विकास कुमार, अश्वनी कुमार,हिमांशु और अमर सिंह सहित दर्जनों आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *