• Sat. Aug 29th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

बिजनौर की आवाज लेकर सीएम योगी से मिले नहटौर विधायक ओम कुमार,गुलदारों के आतंक और गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाया,

ByMoradabadprahari

Aug 28, 2026

बिजनौर। बिजनौर जिले के नहटौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओम कुमार ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने अपने गृह जनपद बिजनौर की पहचान ‘विदुर ब्रांड’ के उत्पादों की टोकरी भेंट कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज जी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से मुलाकात के दौरान विधायक ओम कुमार ने नहटौर विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे बिजनौर जिले में बढ़ते गुलदारों के आतंक का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जिले के ग्रामीण इलाकों में गुलदारों की बढ़ती मौजूदगी के चलते लोगों में भय का माहौल है और लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं।

विधायक ने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुलदारों पर प्रभावी नियंत्रण और आवश्यक कार्रवाई की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी।इसके साथ ही विधायक ने गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा भी मजबूती से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि चीनी मिलों द्वारा समय पर गन्ने का भुगतान नहीं किए जाने से किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भुगतान में देरी का असर किसानों के घरेलू खर्चों के साथ-साथ अगली फसल की तैयारी और खेती-किसानी से जुड़े कार्यों पर भी पड़ रहा है।विधायक ओम कुमार ने मुख्यमंत्री से किसानों के हित में संबंधित चीनी मिलों से गन्ने के बकाया मूल्य का जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा उठाए गए जनसुरक्षा और किसान हित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुना और इनके शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मुलाकात के दौरान विधायक ओम कुमार ने मुख्यमंत्री को अपने व्यस्त कार्यक्रम में से समय देने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से नहटौर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर क्षेत्रवासियों को अपना आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन देने का भी अनुरोध किया।विधायक ओम कुमार ने कहा कि नहटौर विधानसभा ही नहीं,बल्कि पूरे बिजनौर जिले की जनता से जुड़े मुद्दों को शासन तक पहुंचाना और उनका समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। किसानों, ग्रामीणों और आमजन की समस्याओं को पूरी मजबूती के साथ सरकार के सामने उठाने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *