
मुरादाबाद से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट, मामला ग्रीन ऑर्किड सोसाइटी में लगातार हो रहे लिफ्ट हादसों को लेकर है , बीती रात निवासियों का सब्र का बांध टूट गया ,
दो दिन पहले स्कूल से लौटते समय एक मासूम बच्ची के लिफ्ट में फंसने की घटना के बाद कल रात पूरी सोसाइटी के लोग, विशेषकर महिलाएं, सड़कों पर उतर आईं।
बिल्डर और प्रबंधन की घोर लापरवाही के खिलाफ निवासियों ने देर रात तक जबरदस्त प्रदर्शन किया और जमकर आक्रोश जताया।जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व स्कूल से घर लौट रही एक बच्ची अचानक लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण फंस गई थी।
बच्ची काफी देर तक लिफ्ट के भीतर खौफ के साये में फंसी रही और मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रही। निवासियों का कहना है कि इससे पहले भी एक महिला अपने मासूम बच्चों के साथ इसी तरह लिफ्ट में फंस चुकी हैं।
बार-बार हो रही इन जानलेवा घटनाओं से आक्रोशित होकर कल रात सोसाइटी के सैकड़ों पुरुषों और महिलाओं ने परिसर में एकत्र होकर बिल्डर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बिल्डिंग संचालक के संबंध राष्ट्रीय स्तर के बड़े नेताओं से हैं। निवासियों ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि इसी राजनीतिक दबाव और रसूख के कारण स्थानीय प्रशासन व संबंधित विभाग बिल्डर पर कोई ठोस कार्रवाई करने से कतरा रहे हैं।
