• Sun. Aug 2nd, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

09 से 17 अगस्त तक जनपद में जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा ‘हर घर तिरंगा

ByMoradabadprahari

Aug 2, 2026
अभियान-2026‘वंदे मातरम्’ की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में होंगे विविध आयोजन, प्रत्येक घर, कार्यालय एवं प्रतिष्ठान पर फहराया जाएगा तिरंगा ,(जिलाधिकारी)

मुरादाबाद, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने बताया कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय तथा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 09 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित किया जाएगा।

अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, संविधान के प्रति आस्था तथा स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता की भावना से जोड़ना है। अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की सहभागिता से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का आयोजन ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष रूप से किया जा रहा है। अभियान के दौरान भौतिक एवं डिजिटल दोनों माध्यमों से जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। नागरिक अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ-साथ तिरंगे के साथ सेल्फी एवं ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन का वीडियो www.harghartiranga.com पोर्टल पर अपलोड कर अभियान से जुड़ सकेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद में भव्य तिरंगा रैलियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विद्यार्थी, युवा, सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, महिला स्वयं सहायता समूह, स्वयंसेवी संगठन तथा आमजन उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे। प्रत्येक रैली का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ होगा तथा रैलियों के लिए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित मार्ग निर्धारित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देशभक्ति गीतों, राष्ट्रगान, ‘वंदे मातरम्’ तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इन आयोजनों में स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही स्थानीय कलाकारों, विद्यालयी बैंड, पुलिस बैंड एवं अन्य सांस्कृतिक दलों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं शैक्षणिक संस्थानों में गरिमापूर्ण ढंग से ध्वजारोहण किया जाएगा तथा ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन सुनिश्चित किया जाएगा। स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के योगदान को स्मरण करते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, सरकारी भवनों, बस अड्डों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, रंगोली, चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं तथा अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को तिरंगा एवं स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित कलाकृतियां तैयार करने तथा राष्ट्रभक्ति विषयक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रेरित किया जाएगा।जिलाधिकारी ने बताया कि आमजन को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर तथा ‘वंदे मातरम्’ का वीडियो पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे अभियान में अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग भारतीय ध्वज संहिता, 2002 (संशोधित) के प्रावधानों के अनुरूप ही किया जाएगा। अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं मर्यादा से संबंधित सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।आम नागरिक 09 से 17 अगस्त, 2026 तक अपने घरों, कार्यालयों, प्रतिष्ठानों एवं व्यावसायिक संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं, अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करें तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को आत्मसात करते हुए ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को जन-जन का अभियान बनाकर सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *