• Thu. Jul 30th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर फैक्ट्री में दफनाया,दो साल तक ऑस्ट्रेलिया में होने का रचा झूठ,

ByMoradabadprahari

Jul 30, 2026

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर फैक्ट्री में दफनाया,दो साल तक ऑस्ट्रेलिया में होने का रचा झूठ।गुजरात के जामनगर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी और शव को फैक्ट्री परिसर में दफना दिया।

इतना ही नहीं, उसने करीब दो वर्षों तक पति के परिजनों को यह झूठ बोलकर गुमराह किया कि उसका तत्काल ऑस्ट्रेलिया का वीजा लग गया है और वह वहां एक बड़ी कंपनी में नौकरी कर रहा है।जानकारी के अनुसार,मृतक जिग्नेश की पत्नी पृथ्वी ने कथित तौर पर शराब में साइनाइड मिलाकर उसे पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने प्रेमी नीलेश के साथ मिलकर जिग्नेश के शव को एक फैक्ट्री में दफना दिया।

हत्या के बाद पृथ्वी लगातार जिग्नेश के परिवार से संपर्क में रही और उन्हें विश्वास दिलाती रही कि जिग्नेश ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है। जब परिवार के लोगों ने फोन पर बात कराने की बात कही तो उसने बहाना बनाया कि जिस कंपनी में जिग्नेश काम करता है, वहां कर्मचारियों को मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं है।करीब दो साल तक यह झूठ चलता रहा। मामला तब खुला जब जिग्नेश के परिवार का एक सदस्य ऑस्ट्रेलिया जाने लगा और उसने जिग्नेश का पता मांगा।

इस बार भी पृथ्वी ने टालमटोल की, जिससे परिजनों को शक हो गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस की पूछताछ के दौरान पृथ्वी कथित तौर पर टूट गई और पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उस फैक्ट्री में खुदाई कराई, जहां से इंसानी शरीर के अवशेष बरामद हुए हैं। पुलिस अवशेषों की पहचान और फोरेंसिक जांच करा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *