
कांठ। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर कांठ विधानसभा क्षेत्र ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और वीर सैनिकों के सम्मान का ऐसा अद्भुत दृश्य देखा।जिसने प्रत्येक भारतीय का हृदय गर्व से भर दिया। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव अभिनय चौधरी के नेतृत्व में आयोजित ऐतिहासिक तिरंगा शौर्य यात्रा में हजारों युवाओं ने सैकड़ों मोटरसाइकिलों के साथ हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह, अनुशासन और जोश के साथ भाग लिया। लगभग 45 किलोमीटर लंबी इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। इस ऐतिहासिक तिरंगा शौर्य यात्रा का शुभारंभ कांठ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुरेठा से हुआ और यह विभिन्न गांवों एवं प्रमुख मार्गों से होती हुई कांठ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर चैंदरी तक पहुँचकर समाप्त हुई। इस दौरान पूरे मार्ग में लहराते तिरंगे,भारत माता की जय, वंदे मातरम्,वीर शहीद अमर रहें और भारतीय सेना ज़िंदाबाद के गगनभेदी नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा कांठ विधानसभा क्षेत्र अपने वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एकजुट होकर सड़कों पर उतर आया हो।यात्रा के दौरान अनेक स्थानों पर ग्रामीणों,माताओं,बहनों, युवाओं और बुजुर्गों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह शीतल जल, शरबत एवं जलपान की व्यवस्था की गई। घरों की छतों, दुकानों और सड़कों के किनारे खड़े लोगों ने हाथों में तिरंगा लहराकर यात्रा का अभिनंदन किया। यह दृश्य भारतीय सेना और राष्ट्रध्वज के प्रति जन-जन के सम्मान और प्रेम का सजीव प्रमाण था।इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव अभिनय चौधरी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक दिवस नहीं,बल्कि उन अमर वीरों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण है,जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर भारत माता का मस्तक सदैव ऊँचा रखा। उन्होंने कहा कि कारगिल की बर्फीली चोटियों पर भारतीय सेना के जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्वितीय पराक्रम का परिचय दिया और तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका यह बलिदान सदियों तक देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि आज का युवा यदि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे, शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारे और समाज में एकता एवं सद्भाव का संदेश फैलाए, तो यही कारगिल के वीर सपूतों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं,बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाओं,स्वाभिमान और अमर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है।कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी, मंडल अध्यक्ष सरजीत सिंह,नीटू पहलवान, डॉ. बबलू सिंह जाटव,शौकत अली मलिक,चौधरी महेंद्र सिंह,कुंवर सिंह सैनी,महेंद्र प्रजापति,राजू मसीह,राहुल चौधरी,शीशपाल सिंह,गौतम सिंह,मास्टर जयप्रकाश सिंह, वीरेंद्र सिंह,प्रमोद कुमार शर्मा, धीरेंद्र सिरोही,तरुण प्रधान, कर्मवीर सिंह,दलवीर सिंह, हरकेश सिंह,नितिन गुर्जर, सुरेन्द्र पंवार,रशीद अंसारी तथा केवल सैनी सहित राष्ट्रीय लोकदल के अनेक पदाधिकारी,कार्यकर्ता,ग्राम प्रधान,सामाजिक कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस,अद्वितीय पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया तथा भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के समापन पर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद पूरे वातावरण में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “वीर शहीद अमर रहें” और “जय हिंद” के गगनभेदी उद्घोषों के बीच तिरंगा शौर्य यात्रा का भव्य समापन हुआ। अंत में रालोद के राष्ट्रीय सचिव अभिनय चौधरी ने कहा कि यह तिरंगा शौर्य यात्रा केवल एक आयोजन नहीं,बल्कि राष्ट्रभक्ति,राष्ट्रीय एकता और वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का विराट जनसंदेश बनकर उभरी।जिसने पूरे कांठ विधानसभा क्षेत्र में देशप्रेम की नई ऊर्जा का संचार किया।
