
मुरादाबाद, 27 जुलाई।उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP), प्रयागराज द्वारा वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक, मुरादाबाद ने विज्ञप्ति जारी कर सभी संबंधित विद्यालयों एवं परीक्षार्थियों से निर्धारित समय-सीमा का पालन करने की अपील की है।जारी कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन पत्रों पर प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणन, परीक्षा शुल्क जमा करने, वेबसाइट upmsp.edu.in पर शैक्षिक विवरण अपलोड करने, विवरणों का सत्यापन एवं संशोधन सहित सभी कार्य चरणबद्ध तरीके से निर्धारित तिथियों के अनुसार पूरे किए जाएंगे।विज्ञप्ति के अनुसार, 5 अगस्त 2026 तक कक्षा 10 एवं 12 के व्यक्तिगत परीक्षार्थियों से आवेदन पत्र एवं परीक्षा शुल्क प्राप्त किए जाएंगे। इसके बाद 10 अगस्त तक परीक्षा शुल्क कोषागार में जमा कराया जाएगा तथा 16 अगस्त तक परिषद की वेबसाइट पर विद्यार्थियों का विवरण अपलोड करना होगा।विद्यार्थियों के विवरणों की जांच 21 अगस्त से 31 अगस्त तक की जाएगी। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या संशोधन आवश्यक हो तो 1 सितंबर से 10 सितंबर तक ऑनलाइन संशोधन का अवसर दिया जाएगा।
अंत में प्रमाणित नामावली एवं आवश्यक अभिलेख 30 सितंबर 2026 तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करने होंगे।विज्ञप्ति में परीक्षा शुल्क का विवरण भी जारी किया गया है। हाईस्कूल व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए कुल शुल्क ₹706, इंटरमीडिएट के लिए ₹806 तथा अतिरिक्त विषय के लिए निर्धारित शुल्क अलग से देय होगा।जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूर्ण करें, ताकि किसी भी अभ्यर्थी का आवेदन विलंब के कारण प्रभावित न हो।
