
बिजनौर जिले के स्योहारा में आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम को पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बिजली के खंभों पर प्लास्टिक टैपिंग और सड़कों से भांग और अन्य प्रकार की झाड़ियां हटाने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक (एसपी पूर्वी) ए.के. श्रीवास्तव,उपजिलाधिकारी धामपुर और पुलिस क्षेत्राधिकारी धामपुर अंजनी कुमार शामिल थे। उन्होंने स्योहारा पुलिस और स्योहारा नगर पालिका टीम के साथ पूरे रूट का भ्रमण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कांवड़ मार्ग पर स्थित बिजली के खंभों की तुरंत प्लास्टिक टैपिंग करने के आदेश दिए गए,ताकि बारिश में करंट उतरने का खतरा न रहे।रात के समय किसी भी दुर्घटना को रोकने के लिए सड़क किनारे रिफ्लेक्टर लगाने का काम भी शुरू कराया गया।इसके अतिरिक्त,कांवड़ मार्ग के दोनों ओर उगी भांग की झाड़ियों और अन्य अनावश्यक वनस्पति को तत्काल साफ करने के निर्देश भी जारी किए गए।निरीक्षण के बाद एसपी पूर्वी ए.के. श्रीवास्तव ने बताया, “कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और निर्विघ्न संपन्न कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर कमियों को दूर कराया जा रहा है। बिजली के खंभों की इंसुलेशन टैपिंग, सड़कों पर रिफ्लेक्टर और मार्ग के किनारों की साफ-सफाई के कड़े निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।”इस निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अधिशासी अधिकारी (ईओ) विजेंद्र सिंह पाल, स्योहारा थानाध्यक्ष संजय कुमार तोमर सहित नगर पालिका के कर्मचारी और पुलिस बल के जवान भी मौजूद रहे।
