• Tue. Jul 21st, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने मुरादाबाद शहर स्थित मेटल हैंडीक्राफ्ट सर्विस सेंटर और डिजाइनको का किया भ्रमण।

ByMoradabadprahari

Jul 21, 2026

मुरादाबाद, वर्ष 2025 बैच के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के साथ मुरादाबाद शहर स्थित मेटल हैंडीक्राफ्ट सर्विस सेंटर (एमएचएससी) एवं डिजाइनको का भ्रमण कर जनपद के विश्वविख्यात मेटल हस्तशिल्प उद्योग की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया तथा निर्यात व्यवस्था का विस्तृत अध्ययन किया।भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी सर्वप्रथम पीतलनगरी स्थित मेटल हैंडीक्राफ्ट सर्विस सेंटर (एमएचएससी) पहुंचे।

यहां उन्होंने जनपद के मेटल उद्योग को बढ़ावा देने में एमएचएससी की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने विभिन्न धातुओं की गुणवत्ता परीक्षण के लिए स्थापित अत्याधुनिक टेस्टिंग लैब, उत्पादों की कोटिंग प्रक्रिया, स्किल डेवलपमेंट सेंटर तथा उत्पाद निर्माण की विभिन्न तकनीकों एवं बारीकियों का अवलोकन किया।इस अवसर पर पद्मश्री दिलशाद हुसैन एवं पद्मश्री चिरंजीलाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों को मुरादाबाद के मेटल उद्योग की समृद्ध परंपरा, वैश्विक पहचान तथा अपने विशिष्ट शिल्प कौशल से अवगत कराया।

वहीं, शिल्प गुरु श्री इमरान ने विभिन्न उत्पादों की डिजाइन, सजावट तथा उनकी विशेषताओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।इसके उपरांत प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने डिजाइनको का भ्रमण किया, जहां उन्होंने मेटल उत्पादों की डिजाइनिंग, फिनिशिंग, पैकेजिंग, गुणवत्ता मानकों तथा निर्यात प्रक्रिया का विस्तृत अवलोकन किया।

इस दौरान अधिकारियों ने उत्पादों के अंतरराष्ट्रीय बाजार में विपणन एवं निर्यात से संबंधित विभिन्न पहलुओं की भी जानकारी प्राप्त की।भ्रमण का उद्देश्य प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को मुरादाबाद के पारंपरिक हस्तशिल्प उद्योग, उसकी उत्पादन प्रणाली, गुणवत्ता मानकों, कौशल विकास एवं निर्यात प्रक्रिया से परिचित कराना था, ताकि वे जनपद की औद्योगिक एवं आर्थिक विशेषताओं को निकटता से समझ सकें। इस अवसर पर एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग दीपेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *