• Mon. Sep 7th, 2026

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को किया गया सम्मानित।

ByMoradabadprahari

Jul 20, 2026

मुरादाबाद, कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की गवर्निंग बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की प्रगति की विशेष रूप से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पात्र परिवारों के अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जाने तथा नियमित टीकाकरण और अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मुरादाबाद ने प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया है।समीक्षा बैठक के दौरान चिकित्सालयों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सुरक्षित मातृत्व अभियान, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, ई-संजीवनी, आरसीएच पोर्टल, खुशहाल सेवाएं तथा गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम की भी विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान 15 एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को संस्थागत प्रसव, आशा आईडी निर्माण, नियमित टीकाकरण, एनसीडी स्क्रीनिंग तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने सम्मानित स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्य से जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ हो रही हैं तथा वे अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *