नौ प्रमुख कांवड़ मार्गों पर बनेंगी अस्थायी पुलिस चौकियां, सुरक्षा, चिकित्सा, प्रकाश व अन्य व्यवस्थाएं रहेंगी चाक-चौबंद।

MORADABAD .श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के नौ प्रमुख कांवड़ मार्गों पर अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी तथा सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा शिविर, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने लोक निर्माण, विद्युत, नगर निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर पेड़ों की छंटाई शीघ्र पूर्ण कर ली जाए तथा विद्युत विभाग सभी विद्युत पोलों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप पॉलिथीन कवर लगाने के साथ ही ढीले एवं जर्जर विद्युत तारों का सर्वे कर आवश्यक मरम्मत तत्काल सुनिश्चित करे, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक कांवड़ मार्ग का संबंधित उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस एवं अधिशासी अधिकारी संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन करें तथा शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी तथा भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डीजे एवं झांकियों की निर्धारित ऊंचाई का विशेष रूप से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही कांवड़ मार्गों के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए, जिससे निगरानी एवं सूचनाओं का आदान-प्रदान प्रभावी ढंग से किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मार्गों पर स्थापित होने वाले शिविरों में अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा एवं अन्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी प्रमुख मार्गों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है तथा अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और प्रत्येक स्तर पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठकों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान कराया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से संपूर्ण कांवड़ यात्रा पर प्रभावी निगरानी रखी जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, एडीएम प्रशासन श्रीमती संगीता गौतम, एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी गण मौजूद रहे।
