
।दुबई। में हुए एक भीषण सड़क हादसे में बिजनौर जनपद के सहसपुर निवासी युवक की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मोहल्ला हकीमपुरा निवासी साकिब पुत्र मुंशी नन्ने के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह दुबई की एमिरेट्स रोड पर एक मिनी बस और सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में सात भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए।बताया जाता है कि साकिब रोजगार के सिलसिले में दुबई में कार्यरत थे। वह परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को संभालने के लिए विदेश में नौकरी कर रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार साकिब मिलनसार और मेहनती स्वभाव के युवक थे। उनकी असमय मौत से क्षेत्र ने एक होनहार युवा को खो दिया है। नगर और आसपास के लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है।वहीं भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि अधिकारी घायलों और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं। परिवार अब साकिब के पार्थिव शरीर के भारत लाए जाने का इंतजार कर रहा है।
