• Tue. Jun 2nd, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

जिला कारागार में महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं संरक्षण की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा,

ByMoradabadprahari

Jun 2, 2026

मुरादाबाद , माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन में जिला कारागार, मुरादाबाद में निरुद्ध महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के समुचित संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिला कारागार में वर्तमान में निरुद्ध महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों की स्थिति एवं उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अधिकारियों को अवगत कराया गया कि कारागार में वर्तमान समय में 05 महिला बंदियों के साथ 06 वर्ष से कम आयु के 05 बच्चे (04 बालिकाएं एवं 01 बालक) निवास कर रहे हैं। इन बच्चों के लिए भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।बैठक के उपरांत समिति द्वारा महिला बैरक का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बच्चों के मनोरंजन एवं शारीरिक विकास के लिए कारागार परिसर में खेलकूद एवं झूला पार्क की व्यवस्था उपलब्ध है। साथ ही बच्चों के नियमित टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।जिला चिकित्सालय, मुरादाबाद के बाल रोग विशेषज्ञ द्वारा समय-समय पर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाया जा सके।बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके सुरक्षित, स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण में पालन-पोषण हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। साथ ही माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा जारी निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिला कारागार में महिला बंदियों के साथ रह रहे प्रत्येक बच्चे के अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं शिक्षा की प्रभावी निगरानी करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी आवश्यक कदम निरंतर उठाए जाएंगे। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी, प्रभारी वरिष्ठ जेल अधीक्षक, जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सदस्य बाल कल्याण समिति तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed