• Mon. Jun 1st, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

विद्युत समस्याओं के त्वरित समाधान, विद्युत चोरी पर सघन अभियान तथा कमजोर पेड़ों का सर्वे कराने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश।

ByMoradabadprahari

Jun 1, 2026

बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी, लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं : विधायक रितेश गुप्ता

मुरादाबाद , कलेक्ट्रेट सभागार में मुरादाबाद नगर विधायक रितेश गुप्ता, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की उपस्थिति में विद्युत विभाग, वन विभाग, आवास विकास परिषद एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, विद्युत चोरी की रोकथाम, ओवरलोडिंग की समस्या, जर्जर विद्युत पोलों की स्थिति तथा आंधी-तूफान के दौरान विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए मुरादाबाद नगर विधायक श्री रितेश गुप्ता ने कहा कि आमजन को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभागीय अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री जी की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।विधान परिषद सदस्य श्री गोपाल अंजान ने भी अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।बैठक के दौरान विशेष रूप से नया मुरादाबाद एवं गांधी नगर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से विभिन्न कमियों एवं चुनौतियों की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि विभागीय समन्वय के माध्यम से जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को शामिल करते हुए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, जिसके माध्यम से विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत प्रत्येक नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है तथा इसकी आपूर्ति बाधित होने से जनजीवन प्रतिकूल रूप से प्रभावित होता है। उन्होंने निर्देश दिए कि आंधी-तूफान अथवा अन्य कारणों से विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल सक्रिय होकर यथाशीघ्र विद्युत व्यवस्था बहाल करें। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने आगामी सप्ताह से जनपद में विद्युत चोरी के विरुद्ध सघन अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी ओवरलोड ट्रांसफार्मरों का सर्वे कराकर उन्हें चिन्हित करने तथा जर्जर एवं क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।जिलाधिकारी ने जिला वन अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रमुख मार्गों एवं विद्युत लाइनों के आसपास स्थित कमजोर जड़ों वाले अथवा दुर्घटना की आशंका उत्पन्न करने वाले पेड़ों का सर्वे कराया जाए। उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान के दौरान ऐसे पेड़ों के गिरने अथवा टूटने से जनहानि एवं विद्युत आपूर्ति बाधित होने की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक में अवैध कटान की शिकायतों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने वन विभाग को निर्देश दिए कि अवैध कटान की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से चौकियों को सक्रिय किया जाए तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।बैठक में सीडीओ सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय, एडीएम प्रशासन श्रीमती संगीता गौतम, एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *