• Sat. May 9th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

मुरादाबाद में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्यवाही जारी एक अस्पताल सील, संदिग्ध दवाइयां जब्त

ByMoradabadprahari

May 8, 2026

रामपुर दोराहा स्थित समाज हेल्थ केयर का निरीक्षण, पीतल बस्ती स्थित किंग स्किन केयर पर छापा गुलाब बाड़ी केयर हॉस्पिटल , किया सील

मुरादाबाद, 08 मई। जनपद में अवैध रूप से संचालित चिकित्सालयों एवं झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को सघन अभियान चलाते हुए कई अस्पतालों और क्लीनिकों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई लगातार मिल रही जन शिकायतों एवं आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर की गई।उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार बेलवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सबसे पहले रामपुर दोराहा स्थित समाज हेल्थ केयर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में अफसाना नामक महिला मरीज भर्ती मिली, जिसकी हाल ही में डिलीवरी हुई थी। मरीज की स्थिति सामान्य पाए जाने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दिलाई गई। निरीक्षण में अस्पताल में कोई योग्य चिकित्सक अथवा प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं मिला। साथ ही कई चिकित्सकीय उपकरण एवं सामग्री अनियमित रूप से संचालित अवस्था में पाए जाने पर उन्हें जब्त कर विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।इसके बाद टीम ने पीतल बस्ती स्थित किंग स्किन केयर पर छापा मारा। यहां डॉ. मोहम्मद अशरफ नामक व्यक्ति मरीजों का उपचार करते मिले, लेकिन निरीक्षण के दौरान वह कोई वैध चिकित्सकीय डिग्री या पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। मौके से बिना नाम और लेबल की संदिग्ध दवाइयां एवं पाउडर भी बरामद किए गए, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चांद हेल्थ केयर का भी निरीक्षण किया, जो पहले से सील बंद मिला। इसके बाद गुलाबबाड़ी स्थित केयर हॉस्पिटल की जांच की गई, जहां भी कोई योग्य चिकित्सक एवं प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं पाया गया। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *