
मुरादाबाद, कांठ थाना क्षेत्र में तंदूर की रोटी बेचने को लेकर पिता और पुत्रों को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। कांठ थाना पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। तहरीर के आधार पर कांठ थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत करके मामले की विवेचना कर दी है। कांठ थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी निवासी मोहम्मद शादाब और दूसरे पक्ष के युसुफ ने अपने अपने होटल खोल रखे हैं और तंदूर की रोटियां बनाकर बेचने का काम करते हैं। शनिवार की शाम को करीब सात बजे दोनों ही अपने अपने तंदूर पर रोटियां बनाकर बेच रहे थे। तभी इसी बात को लेकर दोनों ही पक्षों में कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद युसुफ ने मोहम्मद शादाब के साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी।जब शादाब ने गाली देने को माना किया तो युसुफ, इमरान, आदिल, उजेन आदि ने मिलकर मोहम्मद शादाब और उसके पिता युनूस के उपर लकड़ी की फंटियों से जानलेवा हमला बोल दिया। जिससे वे दोनों पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके कारण युनूस बेहोश हो गया। इसके बाद कांठ थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। झगड़े और मारपीट की सूचना मिलते ही कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेशपाल सिंह एवं हल्का प्रभारी एसआई गौरव कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे।उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों को उपचार के लिए मुरादाबाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर सुदेशपल सिंह ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
