
मुरादाबाद
भाकियू टिकैत गुट की अधिकारियों से 18 को आयोजित होगी त्रिपक्षीय वार्ता।किसानों की समस्याओं और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के द्वारा पिछले दिनों दिए गए अपने ज्ञापन पर 18 दिसंबर को एसडीएम कांठ की मौजुदगी में भारतीय किसान यूनियन की अधिकारियों से त्रिपक्षीय वार्ता होगी। पिछले दिनों भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने एसडीएम कांठ संतदास पंवार को बिजली, नहरों में पानी छोड़ने,गन्ना, खनन में लगे वाहनों, जर्जर सड़कें, बढ़ते हादसों आदि के संबंध में एक ज्ञापन दिया था। किसानों ने मांगो को पूरा करने के लिए कहते हुए समस्याओं के समाधान के लिए एसडीएम कांठ संतदास पंवार से संबंधित अधिकारियों से त्रिपक्षीय वार्ता करने की मांग की है। इसी क्रम में शुक्रवार को भाकियू टिकैत गुट के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के उपाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह एसडीएम कांठ संतदास पंवार से मिले और त्रिपक्षीय वार्ता करने के लिए तिथि निर्धारित करने की मांग की।जिस पर एसडीएम कांठ संतदास पंवार ने 18 दिसंबर की तिथि निर्धारित करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को लिखित पत्र जारी करने के आदेश दिए हैं। भाकियू टिकैत गुट ने मांग की है कि त्रिपक्षीय वार्ता में समस्याओं के समाधान पर चर्चा तभी संभव है जब सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
