
दशहरा मेले की तैयारियां तेज
कांठ । कांठ नगर में दशहरा के पावन पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल मेले और रामलीला मंचन को लेकर दशहरा मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को कांठ नगर पंचायत अध्यक्ष इकबाल आलम अंसारी ने दशहरा मेला ग्राउंड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नगर पंचायत की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों को देखा और संबंधित कर्मचारियों को मेले से पहले सभी जरूरी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया ताकि मेला और रामलीला मंचन सुचारु रूप से संपन्न हो सके। कांठ नगर में 20 अक्टूबर को इसी स्थान पर विशाल दशहरा मेले का आयोजन होगा। निरीक्षण के दौरान श्री रामलीला मंचन समिति अस्थाई कांठ के कार्यकारी अध्यक्ष धीरज बिश्नोई, कोषाध्यक्ष नवनीत पहलवान, विनोद लंबरदार,डॉ त्रिवेद कुमार,सुरेंद्र बिश्नोई,नगर पंचायत लिपिक अमित बिश्नोई,सपा नेता आरिफ मलिक,निशांत कुमार आदि मौजूद रहे।कांठ नगर पंचायत अध्यक्ष इकबाल आलम अंसारी ने कहा कि कांठ नगर में ग्राम चेतरामपुर रोड स्थित दशहरा मेला स्थल का नगर पंचायत प्रशासन की ओर से सुंदरीकरण कराया जा रहा है। यहां करोड़ों की लागत से मेला ग्राउंड की चहारदीवारी, कलाकारों के मंचन के लिए पक्का और स्थायी रंगमंच, टीन शेड,बेंच,रावण पुतला दहन स्थल,रंगीन इंटरलॉकिंग सड़कें,शौचालय,कक्ष व लाइटिंग आदि कार्य कराए गए हैं। मेला ग्राउंड के मुख्य द्वार पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के नाम से स्वागत द्वार निर्माणाधीन है।जिसका कार्य लगभग दो महीने में पूर्ण हो जाएगा।
