
कांठ था ना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके बताये गए। बुधवार को साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी एवं निरीक्षक अपराध कांठ द्वारा एमएसटी टीम 11 के साथ ग्राम गढ़ी में स्थित पंचायत घर में पहुंचकर साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया। ग्राम पंचायत में सभा के माध्यम से ग्राम प्रधान फईम अहमद उर्फ लालू सहित ग्रामीणों को साइबर अपराध से होने वाली ठगी और धोखाधड़ी के तौर तरीकों की जानकारी दी गई। इंस्पेक्टर क्राइम रामनरेश यादव ने कहा कि पुलिस को अपना मित्र समझे। पुलिस सदैव आपकी सेवा में तत्पर है लेकिन अपनी सुरक्षा का दायित्व बहुत ही समझदारी और सूझबूझ के साथ निभाना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस का भी सहयोग लें।इस दौरान साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी व निरीक्षक अपराध रामनरेश यादव ने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल,लिंक लॉटरी, बैंक अपडेट या ओटीपी शेयर करने वाले संदेशों पर विश्वास ना करें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी में 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करें। साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने आवश्यक सावधानी बरतने और जागरूक होकर साइबर अपराधियों से बचाव करने की अपील की गई।
