| 133 वृद्धजनों की स्वास्थ्य देखभाल के लिए माह में दो बार स्वास्थ्य शिविर के निर्देश। |


मुरादाबाद, रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
उन्होंने दिल्ली रोड स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, वन स्टॉप सेंटर तथा डबल फाटक स्थित शिवनगर कुष्ठ आश्रम का भ्रमण कर वहां निवासरत लोगों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

दिल्ली रोड स्थित वृद्धाश्रम में आवासित वृद्ध महिलाओं ने जिलाधिकारी को राखी बांधकर स्नेह, विश्वास एवं आत्मीयता का भाव व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक धागे का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास, सम्मान, सेवा और अपनत्व के अटूट बंधन का पर्व है।
वृद्धाश्रम में वर्तमान में 133 वृद्धजन आवासित हैं।
जिलाधिकारी ने वृद्धजनों के बेहतर स्वास्थ्य एवं नियमित स्वास्थ्य देखभाल के दृष्टिगत माह में दो बार स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा तथा यहां निवासरत वृद्धजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जरूरतमंदों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उनके लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं संवेदनशील वातावरण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन रक्षा, सेवा एवं सुश्रूषा के संकल्प का पर्व भी है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े आम नागरिक तक शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पहुंचाने तथा उन्हें उनके अधिकारों से जोड़ने के लिए समाज के सक्षम एवं संभ्रांत वर्ग को भी आगे आकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।इसके बाद जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया।
यहां महिला स्टाफ एवं संवासिनियों द्वारा जिलाधिकारी को राखी बांधी गई। जिलाधिकारी ने सेंटर में उपलब्ध संसाधनों तथा महिलाओं को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को सहायता एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
साथ ही काउंसिलिंग प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार को गति देने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने इसके बाद डबल फाटक स्थित शिवनगर कुष्ठ आश्रम का भ्रमण किया। रक्षाबंधन के अवसर पर कुष्ठ रोग से प्रभावित परिवारों की बच्चियों ने जिलाधिकारी को राखी बांधी।
इस आत्मीय अवसर पर आश्रम में निवासरत परिवारों में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण रहा।जिलाधिकारी ने आश्रम में निवासरत लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। आश्रमवासियों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर कुष्ठ रोग की दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एनजीओ के माध्यम से तीन बच्चियों को उच्च शिक्षा दिलाने में सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कुष्ठ आश्रम में निवासरत लोगों के लिए मिष्ठान एवं फलों का वितरण भी कराया।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का दायित्व केवल योजनाओं का क्रियान्वयन करना ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं प्राथमिकता के साथ पहुंचाया जाए।
