
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंगलवार सुबह थाना गलशहीद क्षेत्र के अंतर्गत रोडवेज बस स्टैंड के सामने स्थित एक छोटे ढाबे में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
रसोई से भड़की आग
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 08:59 बजे फायर स्टेशन को सूचना मिली कि रोडवेज के सामने अस्थाई रूप से बने ‘शर्मा ढाबा’ की रसोई में आग लग गई है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चारों तरफ धुआं फैल गया। व्यस्त इलाका होने के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन हेलेट रोड और कटघर से तुरंत दो फायर टेंडर (दमकल की गाड़ियां) घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) डॉ. आर. के. पांडेय के कुशल निर्देशन में कटघर फायर स्टेशन प्रभारी मोहित कुमार, दमकल टीम और स्थानीय पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभाला।
कोई जनहानि नहीं
फायर कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए दो फायर टेंडर की मदद से कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और समय रहते आग को बुझाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया गया। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
