
मुरादाबाद। जनपद में रजिस्ट्री विभाग का सर्वर पिछले तीन दिनों से लगातार प्रभावित रहने के कारण रजिस्ट्री का काम लगभग पूरी तरह ठप पड़ा है।
सर्वर के पूरे-पूरे दिन डाउन रहने से जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।रजिस्ट्री विभाग राजस्व से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है।
सर्वर ठप होने के कारण जहां आम जनता को अपने जरूरी दस्तावेजों की रजिस्ट्री कराने में दिक्कत हो रही है, वहीं उत्तर प्रदेश सरकार को भी राजस्व की बड़ी क्षति होने की बात सामने आ रही है।
तीन दिनों से रजिस्ट्री का कार्य प्रभावित होने के कारण इस अवधि में विभाग को प्राप्त होने वाले राजस्व पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।बताया जा रहा है कि सर्वर में तकनीकी समस्या के चलते रजिस्ट्री प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रही है।
समस्या कब तक पूरी तरह ठीक होगी, इसका निश्चित समय फिलहाल विभागीय स्तर से स्पष्ट नहीं किया जा सका है। सूत्रों के अनुसार सोमवार तक रजिस्ट्री कार्य विधिवत शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
सर्वर खराब होने के कारण रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचने वाले लोग घंटों इंतजार करने के बाद निराश होकर लौटने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्य के लिए सर्वर व्यवस्था को बेहतर और निर्बाध बनाया जाना चाहिए,
ताकि आम जनता के साथ-साथ सरकार को होने वाले राजस्व नुकसान को भी रोका जा सके।अब देखना यह है कि सर्वर की तकनीकी समस्या कब तक दूर होती है और रजिस्ट्री विभाग में कामकाज पूरी तरह सामान्य कब तक हो पाता है।
