• Sat. Aug 1st, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

2 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी का मामला, कमेटी संचालक दंपत्ति दुकान-मकान बंद कर पैसे लेकर फरार,

ByMoradabadprahari

Aug 1, 2026
धमकी और पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप,शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपियों ने एक वीडियो बनाकर व्हाट्सएप पर भेजा है, जिसमें वे खुलेआम कह रहे हैं कि उनके पास किसी का पैसा नहीं है।

मुरादाबाद: थाना कटघर क्षेत्र के सूरजनगर पीतलनगरी में लगभग 2 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आया है। पीड़ित स्थानीय निवासियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मुरादाबाद को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी गाढ़ी कमाई वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

कमेटी के नाम पर करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप

एसएसपी को दिए गए शिकायत पत्र के अनुसार, पीतलनगरी सूरजनगर के निवासियों ने क्षेत्र में श्रीराम मेडिकल स्टोर चलाने वाले रामकिशोर और उनकी पत्नी सुनीता के पास कमेटी डाली थी। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने ऑनलाइन तथा चेक के माध्यम से कमेटी की रकम जमा की थी।

​कमेटी की अवधि पूरी होने (परिपक्व होने) के बाद जब लोगों ने अपने पैसों की मांग की, तो आरोपी दंपत्ति लगातार टालमटोल करते रहे। आरोप है कि उन्होंने कुछ लोगों को ऐसे चेक दिए जिनमें जानबूझकर गलत अकाउंट नंबर दर्ज थे, जिसके कारण बैंक में चेक बाउंस हो गए।

भुगतान की तारीख देकर फरार हुए आरोपी

पीड़ितों ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को जब उन्होंने अपने पैसों का तकादा किया, तो आरोपियों ने 30 जुलाई 2026 तक पूरे भुगतान का आश्वासन दिया। हालांकि, तय तिथि यानी 30 जुलाई को जब लोग पैसे लेने पहुंचे, तो आरोपी अपने प्रतिष्ठान (मेडिकल स्टोर) और घर पर ताला लगाकर परिजनों संग फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपनी संपत्ति बेचकर भागने की फिराक में हैं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपियों ने एक वीडियो बनाकर व्हाट्सएप पर भेजा है, जिसमें वे खुलेआम कह रहे हैं कि उनके पास किसी का पैसा नहीं है। ज्यादा तकादा करने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने इससे पहले थाना कटघर में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

एसएसपी से न्याय की गुहार 31 जुलाई 2026 को दिए गए इस प्रार्थना पत्र पर महेंद्र सिंह, करन लाल, रवि चौधरी, सुनील कुमार, मोहित कुमार सहित समस्त सूरजनगर निवासियों के हस्ताक्षर हैं। पीड़ितों ने एसएसपी मुरादाबाद से आरोपियों—सुनीता सैनी व रामकिशोर सैनी—के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उनके डूबे हुए पैसे वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल सभी आरोपी के साथ इसके पार्टनरभ भूमिगत हो गए ह पुलिस की पकड़ से दूर बताए जते हैं , खबर लिखे जाने तक भीड़ ने चारों तरफ से घर को घेर रखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *