• Tue. Jul 21st, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

कांठ तहसील क्षेत्र के वाटर पार्कों में डूबने के बाद हुई युवक और एक बालक की मोतों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध रूप से चल रहे वाटर पार्कों को सील कर दिया है। उपजिलाधिकारी कांठ स्निग्धा चतुर्वेदी और कांठ तहसीलदार राजकुमार सिंह की उपस्थिति में कांठ तहसील क्षेत्र में तीन अवैध रूप से चल रहे वाटर पार्कों को मानकों की अनदेखी करने पर सील कर दिया गया है। एसडीएम कांठ स्निग्धा चतुर्वेदी के नेतृत्व में हुई इस कार्यवाही को लेकर वाटर पार्कों के संचालकों में हड़कंप मच गया है। कांठ तहसील क्षेत्र में बिना अनुमति और बगैर लाइसेंस के चल रहे तीन वाटर पार्कों पर तहसील प्रशासन के अधिकारियों के द्वारा कार्यवाही की गई।

एसडीएम कांठ स्निग्धा चतुर्वेदी और कांठ तहसीलदार राजकुमार सिंह के नेतृत्व में की गई कार्यवाही के दौरान कांठ थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाली गढ़ी सलेमपुर पुलिस चौकी के निकट आईके वाटर पार्क, क्षेत्र के उमरी कलां के निकट ग्राम डेहरा में आइस ब्लू वाटर पार्क और ड्रीम वाटर सिटी पार्क की पुलिस और प्रशासन द्वारा जांच करने के बाद बिना अनुमति और बगैर लाइसेंस के संचालित करने के कारण सील कर दिया गया है। इनके पास पार्कों को संचालित करने को लेकर कोई भी एनओसी नहीं थी। इसी कारण से तीनों वाटर पार्क को सील कर दिया गया।

अचानक हुई इस कार्यवाही से वाटर पार्क के संचालकों में हड़कंप मच गया है। बता रहे कि तीन दिन पहले कांठ थाना क्षेत्र स्थित गढ़ी सलेमपुर पुलिस चौकी के निकट स्थित आई के वाटर पार्क में कांठ नगर निवासी युवक विजेंद्र चौहान की डूबने के कारण मौत हो गई थी और उमरी कलां के निकट ग्राम डेहरा के वाटर पार्क में उमरी कलां नगर पंचायत के मोहल्ला फरीदगंज के एक बच्चे अरहान की मौत हो गई थी। जिसके बाद से इन सभी वाटर पार्कों की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। कांठ एसडीएम स्निग्धा चतुर्वेदी ने कहा कि कांठ तहसील क्षेत्र में बिना अनुमति और बिना एनओसी के अवैध रूप से संचालित किए जा रहे इन सभी वाटर पार्कों को सील करने की कार्यवाही की गई है।

सभी लेखपालों है भी जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं कि अपने अपने क्षेत्र में जाकर देखें कि कहीं आपके क्षेत्र में कहीं कोई अवैध रूप से कोई वाटर पार्क का संचालन तो नहीं हो रहा है। यदि कहीं पर भी कोई अवैध वाटर पार्क का संचालन किया जा रहा है तो तुरंत ही हमें सूचित करें। इन सभी वाटर पार्कों के खिलाफ सील करने की कार्यवाही तत्काल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *