
मुरादाबाद, कांठ , भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के पदाधिकारियों द्वारा आज तहसील दिवस समाप्त होने के बाद कांठ तहसील सभागार में क्षेत्र की खराब बिजली व्यवस्था और आगामी कांवर यात्रा को देखते हुए कांवर यात्रा मार्ग की साफ सफाई के लिए अधिकारियों से वार्ता की गई। इस दौरान अधिकारियों के व्यवहार को लेकर किसानों ने नाराजगी व्यक्त की। कांठ नगर पंचायत के वार्ड नंबर 6, पट्टी मोढ़ा में बिजली व्यवस्था को लेकर भी वार्ता रखी गई।
जिस पर एसडीओ कांठ ने कहा कि फंड की कमी के कारण कार्य नहीं हो सका है। विभाग द्वारा फंड प्राप्त होने पर विद्युत लाइन बदल दी जाएगी।उन्होंने आगे कहा कि कांवर यात्रा मार्ग में आने वाले सभी क्षतिग्रस्त विद्युत तारों की मरम्मत करने के आदेश दिए हैं।
आगामी कांवर यात्रा को देखते हुए प्लास्टिक रैपिंग भी कराई जा रही है। किसान यूनियन टिकैत गुट ने कांठ नगर के व्यापारियों पर ऑनलाइन पेमेंट को लेकर जीएसटी चोरी करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कांठ क्षेत्र में मृदा परीक्षण केंद्र खोलने की मांग की है।
भाकियू नेता चौधरी ऋषिपाल सिंह ने अगवानपुर एसडीओ और जेई को 22 जुलाई को कांठ तहसील में उपस्थित रहने के लिए कहा है। इस अवसर पर भाकियू टिकैत गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष हरदीप सिंह विश्नोई,तहसील अध्यक्ष दर्शन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अंगद चौधरी,महेश ठाकुर,धर्मपाल सैनी,रामकला गुर्जर,नौबत गुर्जर,बबलू आदि उपस्थित रहे।
