• Mon. Jul 20th, 2026

Moradabad Prahari

News Paper

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा:बिजनौर में अफसरों को दिए निर्देश।

ByMoradabadprahari

Jul 19, 2026

बिजनौर में आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जसजीत कौर और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने जनपद के कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।उन्होंने बिजनौर, चांदपुर, नूरपुर, नहटौर,फुलसंदा,पैजनियां सहित विभिन्न मार्गों का दौरा किया।

शनिवार देर शाम को 6 बजे सूचना विभाग द्वारा दी गई जानकारी,निरीक्षण के दौरान,जिलाधिकारी ने सुरक्षा, यातायात,विद्युत आपूर्ति, सड़क की स्थिति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।जिलाधिकारी ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड,बिजनौर एवं धामपुर के अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी ट्रांसफार्मरों और विद्युत पोलों की बैरिकेडिंग तथा फेसिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। इसका उद्देश्य कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों को तत्काल भरवाकर मार्ग को समतल और सुरक्षित बनाया जाए। इससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा मार्ग के किनारे उगे भांग के पौधों की तत्काल कटाई कराने और मार्ग की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *